Tuesday, February 10, 2009

क्या बिहार में विकास और राजनीति का नया मुहावरा गढा जा रहा है ?

बिहार की बदहाली और उससे उपजी जीवन संघर्ष कि तीव्रता , कुरूपता और तमाम जद्दोजहद के बीच भी ढेरों प्रेरणादायक प्रसंग बिहार में यत्र - तत्र - सर्वत्र बिखरे हैं. देश भर में बिहार कि इस बेचैन करने वाली बदहाली को महसूस करने के लिए लोगों को बिहार आने की जरूरत नहीं है . आज शायद देश का शायद ही कोई कोना बचा हो जहाँ बिहारी और खास कर बिहारी मजदूर और कारीगर काम नहीं कर रहें हैं. देश कि मास मीडिया द्वारा बिहार और बिहारियों कि निर्मित एक खास छवि तो जग जाहिर है. पर इधर हाल साल से समाचार पत्रों और टी वी चैनेल्स में बिहार से ख़राब खबरें कम आ रही हैं.कोसी तटबंध टूट ,प्रलय और उससे उपजी मानवीय त्रासदी आदि को अगर छोड़ दिया जाय तो विकास परक खबरें ही आ रही हैं।
आज बिहार का मंत्रिमंडल बेगुसराय के एक गाँव में अपनी खास बैठक करने जा रहा है ।
तो क्या सचमुच बिहार विकास के रास्ते पर है ?
या यह सब नए जमाने कि नई नौटंकी भर है ?
वैसे तो यह निर्विवादित सत्य है कि आर्थिक और सामजिक विकास और वह भी बिहार की ठोस परिस्थिति में दीर्घ कालीन और चुनौती भरा कार्य है । पर जानकार कह रहें है की बिहार में सामजिक न्याय के साथ विकास हो रहा है.आर्थिक विकास के लिए अपरिहार्य आधार भूत संरचना के सब आयामों के तीव्र विकास का प्रयास सरकारी स्तर पर हो रहा है.राजनीति और सत्ता शीर्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लग रहे हैं.संगठित अपराध तंत्र , माफिया और राजनीति के गठजोड़ को तोडा जा चुका है.आम तौर पर जनता सुरक्षित महसूस कर रही है.शहरों में सड़क ,नाली ,बिजली आदि आधारभूत संरचना का काम हो रहा है. राज्य की सडकों का जीर्णोधार हो रहा है.राज्य भर में स्वाथ्य के क्षेत्र में उत्साह बर्धक काम हो रहा है. सरकारी अस्पतालों की दशा सुधर रही है.ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल नियमित रूप से काम कर रहे हैं. नए शिक्षकों की नियुक्ति हो रही है . स्कूल से बाहर बच्चों की बड़ी जमात स्कूल में लायी गयी है.धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए विशेष योजनायें लागू कि जा रही हैं. स्कूल में मिड डे मील कार्यकर्म चालू है ।पंचायत चुनावों में हर जगह महिलायों के लिए ५० % आरक्षण , महिला सशक्ति कारन की नयी इबारत लिख रहा है.हर गाँव और पंचायत में कृषि और ग्रामीण विकास से सम्बंधित काम हो रहे हैं।किसानों को फसल बर्बादी होने पर मुआवजा मिल रहा है.
तो क्या बिहार में सामजिक न्याय के साथ आर्थिक विकास के नए दौर की शुरुआत हो चुकी है ?
विकास और बदलाब का यह झोंका स्थाई हो गया है ?
क्या बिहारी समाज जातिवाद और भ्रष्टाचार के defining feature से ऊपर उठ रहा है ?
क्या वहाँ का समाज और राजनीति नए मुहावरे और लक्ष्य गढ़ रही है ?
क्या वहाँ कोई नया सामाजिक और राजनैतिक consensus बन रहा है ?
जो हो रहा है क्या वह सब चिरस्थायी रह पायेगा ?
इन सारे सवालों पर चिंतन और बहस कि प्रयाप्त गुन्जायिश है ।

Monday, February 9, 2009

पंख दिए हैं तो आकुल उड़ान में विघ्न न डालो . अर्थात हम डरते क्यो है ?

( वीरेन्द्र का लेख - मित्र वीरू के लेख की नयी किस्त प्रस्तुत है। भय , मन की निर्बिघन उड़ान और आत्मविश्वास के अंतर्संबंधों की पड़ताल करता विचारोत्तेजक लेख । पढ़ें , गुने और अपनी राय देने से संकोच न करे । सादर )

जोगी मुनि लोग बता गए हैं कि भय-मुक्ति में सहजावस्था की साधना काफी कारगर होती है. यह सहजावस्था है कौन सी बला? आम आदमी की भाषा में कहें तो सहजावस्था हमारी चेतना की वह अवस्था होती है जहाँ हमारा मन मान-अपमान, राग-विराग, अपना-पराया, दुःख-सुख यानी वह सबकुछ जिसे जोगी-मुनि माया कहते हैं, की अलग-अलग अनुभूतियाँ नही करता. वह सुख में उत्सवधर्मी नहीं होता और न ही दुःख में कातर. देखा जाय तो समझने के लिए यह कोई जटिल बात नहीं है. दिक्क़त फ़क़त इतनी है कि आम आदमी की जिंदगी की चिंताएँ जोगी-मुनि की चिंताओं से अलग होती हैं. उसके सामने सिर्फ़ मोक्ष का सवाल नहीं होता, उसे मुक्ति भी चाहिए - मुक्ति अपनी उन परिस्थितियों से जिनकी वज़ह से उसका जीवन दुखी होता है. उसके लिए सम्भव नही है कि वह मानापमान से परे हो जाए और सबको गले लगा ले - दोस्त को भी, दुश्मन को भी. उसके मन में सदैव एक हलचल मची रहती है कि उसने ऐसा क्या कर दिया कि उसकी जिंदगी लगभग बेमतलब हो गयी. कभी वह ईश्वर को धिक्कारता है तो कभी अपने आपको और कभी पूरे समाज को. लेकिन उसकी यह चीख पुकार ज़्यादा से ज़्यादा तूती की आवाज़ बनकर रह जाती है.

जोगी-मुनियों की तरह वह अकेले ही मोक्ष अथवा मुक्ति के जतन में उलझा रहता है. उसे लगता है कि कोई रहस्यमयी शक्ति उसके खिलाफ साजिश कर रही है. हार-थककर वह भाग्यवादी बन जाता है और मान लेता है कि इस जन्म में न सही, अगले जन्म में उसे ईश्वर-कृपा अवश्य प्राप्त होगी; कि वह भी जन्म-मरण के बंधनों से मुक्त होकर ईश्वरीय सत्ता का हिस्सा बन जाएगा. उसके लिए दुःख-सुख महज़ संयोग हैं. वह न तो अपने दुःख का निमित्त है, न सुख का. यानी, मुन्दहीं आँख, कतहूँ कुछ नाहीं'. आम आदमी के लिए सहजावस्था की साधना करना न तो सम्भव है और न ही वांछनीय. जीवन सिर्फ़ बुद्धि विलास का मसला नहीं होता. बुद्धि निर्वात में सक्रिय नहीं होती. चित्त की शान्ति जगत की शान्ति की परछाईं भर होती है. अगर हमारे बाह्य जीवन में शान्ति-भंग की तमाम संभावनाएं मौजूद रहेंगी तो चित्त भी शांत नहीं रह सकेगा. शान्ति की खोज कोई अकर्मक क्रिया नहीं है जो बिला वज़ह घटित हो जाए. सच्ची शान्ति की खोज वही कर सकता है जो अपनी परिस्थितियों को ठीक से समझेगा और तदनुरूप ठोस कार्य-योजना को कार्यान्वित करेगा. सिर्फ़ आत्मशुद्धि के जरिये मुक्ति की कामना करनेवाले अनजाने ही बाह्य दुनिया की विसंगतियों की अनदेखी कर देते हैं. भारत का दार्शनिक चिंतन इसका अन्यतम उदहारण है. चूंकि, इस चिंतन में जगत को माया मान लिया जाता है, इसीलिए यह किसी भी सार्थक/निरर्थक हस्तक्षेप के जरिये समाज में परिवर्तन की हर सम्भावना को नकार देता है.

अपने-अपने क़ैद की तार्किकता को वैध मानते हुए मुक्ति की आकांक्षा तो एक पक्षी भी नहीं करता, फिर मनुष्य तो मनुष्य है, उसे यह क्योंकर गवारा होने लगा? जी हाँ, यह सच है कि हम अपनी-अपनी क़ैद को ही ज़्यादा से ज़्यादा सहनीय बनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं. हम पिंजडे की सार्थकता पर कभी बहस नहीं करना चाहते. दुनिया बदले नहीं और हमें वह सब मिल जाए जो उस पिंजडे में सम्भव ही नहीं है. ऐसे ही सपनों को दिवास्वप्न कहते हैं. वास्तव में, हम ख़ुद से बेगाने होते हैं और समझते हैं कि हमसे दुनिया ही बेगानी हुयी जा रही है. ज़रा गौर फरमायें तो साफ़ हो जाएगा कि हमारे अधिकाँश दुःख-सुख इसी मनोवृति की ऊपज होते हैं. जब हम अपनी परिस्थितियों का सम्यक आकलन नहीं कर पाते तो अकेला चना भांड फोड़ने की कोशिश करने लगते हैं. ऐसे में जब संयोग से कोई उपलब्धि मिल जाती है तो शिशुवत चपलता के साथ उत्सवधर्मी हो जाते हैं और अगर दुर्योग से कोई विपत्ति आ जाती है तो अत्यन्त कातर और निराश हो जाते हैं. कहने की जरूरत नहीं कि जहाँ हमारी प्रत्येक उपलब्धि-अनुपलब्धि महज़ संयोग-दुर्योग का प्रतिफल होगी, वहां हमारे करने के लिए बहुत कुछ नहीं होगा. भय, संकोच और वैक्तिक आत्मविश्वास की कमी हमारे एकल प्रयासों की तार्किक परिणतियाँ हैं, न कि किसी संजोग-दुर्योग, शकुन-अपशकुन अथवा साजिश का प्रकटीकरण.

गणित में शून्य छोटा हो बड़ा, होता वह शून्य ही है. इंसान का पद छोटा हो या बड़ा, है वह पद ही. पद के हिसाब से न तो इंसानियत बड़ी होती है और न ही छोटी. जिस समाज में इंसानियत के लिए जिस समाज में जितनी ज़्यादा जगह होगी, उस समाज में इंसानियत भी उतनी ही बड़ी होगी. इंसानियत के दायरे को बढाये बगैर न तो हम व्यक्ति के रूप में बड़े हो सकते हैं और न ही समुदाय या समाज के रूप में. और इसीलिए हममें से प्रत्येक को तय करना होगा कि हम अकेले और सबके साथ मिलकर इस इंसानी दायरे को कहाँ तक बढ़ाना चाहते हैं. अपने डर को, अपने भय को, अपनी चिंता को तिरोहित करने का यही मार्ग है. जरूरत फ़क़त इतनी है कि एक-दूसरे के लिए हम अपने-अपने मन में थोड़ा और प्यार, थोडी और ईज्ज़त और थोड़ा और सहिष्णुता पैदा करें. इतना करके हमें कुछ और हासिल हो न हो, मन थोड़ा सहज तो हो ही जाएगा. सहजावस्था की तरफ़ एक कदम ही सही, हाँ चल तो पड़ेंगे.

वीरेन्द्र

Saturday, February 7, 2009

बिहार में परिवर्तन - भाग 2

( मित्र वीरू वायदे के अनुसार बिहार और परिवर्तन के मुद्दे पर अपने उदगार की दूसर किस्त के साथ हाजिर हैं .आपके मंतव्यों का स्वागत है। पटना गाँधी मैदान आप का इंतज़ार कर रहा है।)

यह क्या अजीब नहीं लगता कि जिस बिहार ने इतिहास से लेकर वर्त्तमान दौर तक सभी परिवर्तनकारी शक्तियों को अपने यहाँ पनाह दी है, वही बिहार आज विचारों की ऊष्मा के लिए तरस रहा है. हम जानते हैं कि समाज की सडांध को सिर्फ़ नवविचार और नवाचार ही दूर कर सकते हैं. दमित जातियों के शुरूआती उभार के दौर में (छठे-सातवें दशक में) ऐसा लगा था कि हो न हो बिहार भी एक नई करवट के लिए बेताब हो जाए. नाई जैसी ज़ाति के किसी व्यक्ति के लिए मुख्यमंत्री कि कुर्सी तक पहुँच पाना वास्तव में उस करवट की पहली अनुगूंज थी. माननीय कर्पूरी ठाकुर के उदय में एक बात साफ तौर पर उभरकर सामने आयी थी कि बिहार की राजनीति में संख्या बल ही राजनीतिक सफलता का एकमात्र मानदंड नहीं हो सकता. लेकिन यह स्थिति ज़्यादा दिनों तक बनी नहीं रह सकी. औपचारिक राजनीति के खिलाड़ियों को यह समझने में ज़्यादा वक़्त नहीं लगा कि असल में इस चुनावी लोकतंत्र में संख्या की उपेक्षा करना अपने ही पैरों पर कुल्हाडी मारने जैसा आत्मघाती कदम साबित होगा. बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव का उदय इसी तर्क-विपर्यय का नतीजा माना जा सकता है.

औपचारिक राजनिति के सामने सबसे बड़ी चुनौती जातिबद्ध समाज को बुद्धिसम्मत बनाने की थी किंतु वह ख़ुद आकंडों के भंवरजाल में फंस गयी. जातियां बनी रहीं, राजनीति चलती रही. जातियों की यथास्थिति बनाये रखने के लिए न तो किसी वैचारिक आन्दोलन की जरूरत होती है और न ही विकास के किसी सम्यक प्रयत्न की. नतीजतन, बिहार में न तो भूमि-सुधार के जरिये आजीविका के संसाधनों को समतामूलक बनाने की कोशिश की गयी और न ही आज़ादी पूर्व चलनेवाले सामाजिक-धार्मिक आन्दोलनों को ही आगे बढाया जा सका. जातियों की अलग-अलग एकजूटता ही औपचारिक राजनीति को मज़बूत आधार देने में कारगर साबित होती रही. अपनी-अपनी जाति में नायकों की खोज करना ही काफी समझा जाने लगा. लेकिन चूँकि जातियों का आधार धार्मिक था, इसलिए इन नायकों की छवि भी किसी अवतारी पुरूष के रूप में ही बनाई जाने लगी. और नायक की ऐसी छवि बनते ही वह सामान्य मानवीय बुद्धि की ज़द से बाहर हो जाता है. हम उसके कृत्यों-अ-कृत्यों मूल्यांकन इस आधार पर नहीं करते कि उनसे हमारी कौन-सी तात्कालिक अथवा दूरगामी चिंता का समाधान होता है. अवतारी पुरूष के आकलन के लिए तात्कालिता का मानदंड अपनाया नहीं जा सकता क्योंकि उसके अमंगल में भी मंगल की कामना छुपी होती है. यही कारण है कि तमाम लानत-मलामत के बावजूद कोई नेता अपनी जाति में अपना रुतबा आसानी से नहीं खोता. उसकी जातिवाले उसकी हर आलोचना को दूसरी जाति की साजिश मानते हैं.

बिहार की बदहाली का सारा दोष वहां की राजनीति अथवा भ्रष्टाचार के माथे मढ़ देना काफी नहीं होगा. देश के दूसरे हिस्सों में भी राजनीति न तो पवित्र है और न ही वे भ्रष्टाचार से मुक्त हैं. अलबत्ता, वे एक बात में बिहार से अलग जरूर हैं. दक्षिण के राज्यों में जहाँ सामाजिक आन्दोलनों की सुदीर्घ परम्परा रही है, वहीं बिहार में ऐसी किसी परम्परा का लंबा इतिहास नहीं मिलता. छठे दशक में समाजवादियों की अगुआई में जाति-व्यवस्था के खिलाफ जो सांस्कृतिक आन्दोलन चलाये गए, वे संस्स्क्रितिकरण के चौखटे को पार नहीं कर सके. उदहारण के लिए, पुरोहितवाद को समाज से दूर करने के नाम पर हर जाति के अन्दर ही पुरोहितों की एक अलग जाति बना ली गयी. यानी, ब्राह्मणवादी फांस की गिरफ्त में आकर यह आन्दोलन भी किसी वैकल्पिक संस्था का निर्माण नहीं कर सका. यही कारन था कि छठे दशक का समाजवादी नवोन्मेष राजनीति के स्तर पर पिछडे वर्ग कि उपस्थिति दर्ज कराने के अतिरिक्त कोई वास्तविक बदलाव की दिशा नहीं ढूंढ पाया.

अस्सी के दशक में जयप्रकाश नारायण की अगुआई में लोकतान्त्रिक विचलन के खिलाफ जो आन्दोलन चला, वह बहुत हद तक वैचारिक शून्यता पर टिका था. उसमें न तो कांग्रेसी संस्कृति के खिलाफ किसी नवजागृति का मुकम्मल संदेश था और न ही इतना समय कि राजनीति के नवागंतुकों को नई सांस्कृतिक चेतना का मुकम्मल पाठ पढाया जा सके. खुदा झूठ न बोलाय, इतिहास इस बात का गवाह है कि राजनीति में लम्पटों कि ऐसी भीड़ पहले कभी नहीं देखी गयी जैसी कि वह संपूर्ण क्रांति के बाद के दिनों में देखी गयी. राजनीति में जातीय उन्माद की यह शुरूआत भर थी. परवान तो वह आगे चढी.

बिहार को बदलने के लिए हमें राजनीति के सामाजिक आधारों को फिर से खंगालना पड़ेगा. राजनीति संसद और विधानसभावों में प्रतिनिधियों का जमघट भर नहीं होता. वहां जो कुछ दिखता है, उसकी जड़ें कहीं गहरे हमारे समाज के ताने-बाने में ही छुपी होती हैं. प्रत्येक सामाजिक बनावट की एक ख़ास राजनीति होती है. अगर ऐसा न होता तो हमारी मौजूदा राजनीति इतने दिनों तक हमारी छाती पर बैठकर मूंग नहीं दल रही होती. पतनशील राजनीतिक संस्कृति, चौतरफा भ्रष्टाचार और ज़लालत के प्रति अगर बिहारी समाज सहिष्णु बना रहा तो इसीलिए कि हमारा समाज ऐसी सहिष्णुता को खाद-पानी देता रहा है.

लोकगीतों के नयों की जगह इन्हीं गूंडों को नायकत्व सौंपा जा रहा है. 'नायक पूजा' कि सामंती संस्कृति में यही गुंडे 'जातीय गौरव' के सांकेतिक प्रतीक बनते जा रहे हैं. राजनीती के क्षेत्र में आवारों की बढ़ती संख्या इसी पतनोन्मुखिता को प्रतिबिंबित करती है.

इस स्थिति से निपटने के लिए नवजागरण की जरूरत है. अगर इस नवजागरण को भगवती जागरण से कुछ अधिक होना है तो बिहार के सभी संवेदनशीलों को अपने और अपनी जाती के न्यस्त स्वार्थों की संकीर्ण गलियों से बाहर आकर एक ऐसे जनमानस को तैयार करना होगा जो विवेकप्रवन हो, आधुनिक हो तथा पुरातन के निर्मम विश्लेषण की क्षमता रखता हो. गीतकारों और कवियों को चाहिए कि वे जनता में सहृदयता, प्रेम और साहस का प्रचार करें न कि चालीसा के नए नए गुटके निकालें. लेकिन यह कहना जितना आसान है, करना उतना ही मुश्किल. विचार को व्यवहार में उतरने के लिए संस्कार और अंतरात्मा कि भट्ठी में तपना होता है.

पिछले अंक के अंत में जिस पेंच कि बात कही गयी थी, उसका विश्लेषण यहाँ समीचीन होगा। सच है कि बिहारी आज हर जगह पाए जाते हैं, कि वे शिक्षित हैं; कि उनके पास बिहार को विकास कि पटरी पर लाने का हूनर है; कि वे बिहार के विकास के स्वाभाविक सहयात्री हैं. लेकिन, वे एक ख़ास तरह की ज़िन्दगी के आदी भी हो चुके हैं. जो मध्य वर्ग आज बिहार से पलायन कर चुका है, वह तभी लौटकर बिहार जाएगा जब उसे वहां भी वही सब सुविधाएं मिलेंगी जिसे वह अपना अधिकार समझता है. हममें से प्रत्येक व्यक्ति इसी जीवन-शैली का गुलाम है. हमारा दुःख बहुत हद तक एक ख़ास जीवन शैली से चिपके रहने की वज़ह से पैदा होता है. अगर आज की राजनीति में गुंडों का बोलबाला है तो इसीलिए की उसकी मुखालफत के लिए हम तथाकथित पढ़े-लिखे लोग आगे नहीं आ पा रहे हैं. जो साहस एक गुंडा दिखा सकता है, वह कोई भी शिक्षित व्यक्ति दिखा सकता है. लेकिन तोता रटंती विद्या से इसकी अपेक्षा नहीं की जा सकती. हम एक व्यैक्तिक ख्वाब का पीछा करते बड़े होते हैं और जो कुछ पा लेते हैं, उसे ही ख्वाब का पूरा होना मान लेते हैं. अक्सर लोग कहते सुने जाते हैं कि मेरी अमुक उपलब्धि सपने के साकार होने जैसा है. वास्तव में हम संकुचित सपनों के युग में जी रहे हैं. जहाँ सपने इतने छोटे होने लगे कि उसे कोई परीक्षा उतीर्ण कर पा ले, एक माकन बनाकर हासिल कर ले या फिर अपने बच्चे को किसी विदेशी यूनिवर्सिटी में दाखिला करा कर पा ले, तो समझ लेना चाहिए कि हमारा सपना सर्वे भवन्तु सुखिनः के लिए नहीं है. स्व के सपने को जबतक लोकमंगल की कामना से बद्ध न कर लिया जाए तबतक हम नहीं कह सकते कि हमारा सपना सबका सपना है. बिहार के लोगों को भी अपने अपने सपनों की स्वर्णिम क़ैद से बाहर आकर लोकमंगल के गीत गाने होंगे. तभी और केवल तव्ही हम बिहार को पतनशीलता के भंवरजाल से बाहर निकल पायेंगे. हमारे अनुकूल दुनिया बन जाय तब हम उसमें रहने के लिए तैयार होंगे, यह तो कोई बात नहीं हुई. यह दुनिया हमारे सबके रहने के काबिल बने, इसके लिए हुम सबको एकसाथ मिलकर काम करना होगा. लेकिन .... बहुत कठिन है, डगर पनघट की. सपने देखेंगे तो राह भी निकलेगी. सपनों को जिंदा बचाए रखना बहुत जरूरी है क्योंकि सबसे बुरा होता है सपनों का मर जाना.

Friday, February 6, 2009

बिहार का विकास किस रास्ते से ?

बिहार का वर्तमान सन्दर्भ क्या है ?
७५ से ८० % आबादी ग्रामीण। ग्रामीण जनता का जीवन यापन का मुख्या जरिया खेती और नॉन फार्म इन्फोर्मल क्रिया कलाप ।
तक़रीबन हर ग्रामीण परिवार का कम से कम एक सदस्य भारत वर्ष के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक मजदूर , रिक्साचालक , सब्जी और फल बेचनेवाले , कुछ छोटे व्यापारी , कंप्युटर रीपैर करने वाला, दिल्ली के ऐ टी एम् के सामने बैठा गार्ड , बड़े शहरों के गेट वाली कोलनियों का चौकीदार । सरकारी नौकरियों में स्टाफ सेलेक्शन कमीशन , रेलवे भरती बोर्ड और बैंक भरती बोर्ड से प्राप्त की जाने वाली नौकरियों में बिहारी युवा एन केन प्रकारेण पुरे भारत वर्ष में १० -१५ वर्षों में छा गए हैं.इन प्रवासी बिहारियों और उनकी दशा पर कभी अलग से दृष्टि पात किया जायेगा ।
बिहार छोटे किसानों , छोटी जोत वाले , जिनकी कुल जोत अलग अलग टुकडों में गाँव के चारों ओर बिखरी हुई है। गाँव की पारंपरिक सामुदायिक ( गैर-मजरुआ जमीन और नदी तालाब जैसे अन्य) संसाधन जिन पर हिंसक दबंगों और दलालों का कब्जा .अगर मध्य बिहार ( मगध ) की बात करें तो गाँव की भौगोलिक स्थिति - खेत, जोत , आहार , पयीअन, अलंग ,गाँव से बाहर निकलने का रास्ते आदि tamaam बदहाली के waabjood आज भी अपनी मध्य युगीन स्थिति में है। टेढे मेढे अलंग और उसके किनारे के आहर, पयीअन जिसमें फल्गु और बारिस के पानी से सिंचाई होती है ,जिसका कभी जमींदारी व्यवस्था के तहत गुआम और यदा कदा गोहार से सामुदायिक श्रम और भागी दारी से निर्माण और रख रखाब होता था .आज बदहाली और बर्बादी का कारण बन गया है। क्योंकि पिछले छः दशकों में जिसक मन किया पुरी श्रधा से अपनी जोत में कब्जा कर बरबाद कर दिया । और बिहार की भ्रष्ट जातिवादी सरकारों और व्यवस्था को इन बारीक चीजों से और बेहतर प्राथमिकताएं थी।
फिलहाल बिहार की भौगोलिक सीमा और उसके भीतर रहने वाले बिहारियों और उनकी दुनियावी स्थिति की ही बात की जाय । बिहार के आर्थिक विकास की निहायत जरूरी ढेर सारी शर्तें , आर्थिक विकास शास्त्रीय कितावों के आधार पर , गिनाये जा सकती हैं। पर एक जरूरी शर्त है वहाँ के ग्रामीण क्षेत्रों और खेती का विकास ।
हर गाँव के लिए हर मौसम laayak सड़क । पर सड़क कहाँ और कैसे? क्या खेती और सिचाई के लिए निर्मित पारंपरिक तटबंध ( अलंग ) पर नए रोड बनाए जा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी जमीं नहीं बची है। एक- एक इंच जमीन पर पिछले हजारों सालों से खेती हो रही है।
सड़क , स्कूल , सामुदायिक भवन , अस्पताल आदि के लिए जमीन का इन्तेजाम सरकार ही कर सकती है। किसानों को जमीन दान करने की अपनी सीमा है। बिना ठोस नीति और प्रयास के इन सारी जरूरतों के लिए लैंड मिलना मुश्किल है . जाहिर है की सही समझ पर आधारित ठोस नीति , दृढ़ राजनैतिक और प्रशासनिक इच्छाशक्ति ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत संरचना के लिए जरूरी है।
प्रदेश की छोटी जोत और वो भी टुकडों में विभक्त और बिखरी खेती के विकास और आधुनिकरण की पूर्व शर्त है चक बंदी । छोटी जोत और खेतों को इक्कठा करना ।
अगर ये बातें सही है और सोच की दिशा वाजिब तो अगला prashn है की क्या ये मुद्दे बिहार के चालु निजाम -ऐ- हुकूमत के जेहन और एजेंडा में शामिल है ?
आप भी अगर ऐसा mahsus करते हैं तो likhiyegaa ?

बिहार में परिवर्तन

( मित्र वीरू ने ये उदगार पहले पोस्ट पर दिया है। संवाद को आगे बढाते हुए इसे यहाँ पेश किया जा रहा है । पढ़ें और इस संवाद की प्रकिर्या को आगे करें )

सवाल निहायत ही वाजिब है। क्या बिहार बदलेगा?
अथवा क्या बिहार नहीं बदलेगा ?
बिहार के बारे में चीजें वैसे भी अतिशयोक्ति परक तरीके से बताईं जाती हैं और सुनी जाती हैं । मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि अधिकाँश बिहारी, जिसमें मैं भी शामिल हूँ, ख़ुद भी चाहते हैं कि उनके जीवन से इस अलंकार को बिल्कुल ही गायब नहीं कर दिया जाए. बिहार के बारे में जो बात मोटेतौर पर बिहारी भी स्वीकार करेंगे कि - वह एक ठहरा हुआ अथवा ऋणात्मक रूप से गतिशील समाज और राज्य व्यवस्था है.
आप बिहार में उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम, कहीं भी घूम आइये बिहार एक जैसा ही दिखेगा. ऐसी हेठी बिहार के अलावा आप किसी दूसरे प्रदेश में नहीं पाएंगे. सड़क विहीन, बिजली विहीन, पेयजल विहीन, बाज़ार विहीन, स्कूल-कॉलेज विहीन, अस्पताल विहीन फिर भी तने हुए और ऐंठे हुए ।
बिहार कहाँ से बदलेगा, वह राह इस बौद्धिक जुगाली के बाहर जाकर मिलती है। जो समाजों के इतिहास के बारे में जानते-समझते हैं, वे जरूर मानेंगे कि बिहार का समाज किसी आदिम समाज का जीवित रूप नहीं है। उसके पास आर्थिक, सांस्कतिक और सभ्यतामूलक विकास का गौरवपूर्ण इतिहास है। गंगा और सहायक नदियों द्वारा बनाई गयी दुनिया के पैमाने पर मुकाबला करने वाली ऊर्वरा भूमि है, गरीब लेकिन कर्मठ किसान ,मजदूर और मेहनतकस अवाम है। पूरे के पूरे हजारों की तादात में दुनिया भर में बिहारी गाँव/मोहल्ला बसे हुए हैं. वे शिक्षित हैं, हूनर वाले हैं, वे भी बिहारी समाज के विकास में सहयात्री हो सकते है. लेकिन पेंच यहीं पर है .
बिहार के बदलाव में सबकी भागीदारी कैसे बने ? इस बदलाव के अगुआ कौन कौन लोग हो रहे हैं ?
इन सवालों और पेंच के अलग - अलग लहरों ( घुमाव ) पर चर्चा आगे होगी ।
वीरेंदर

Wednesday, February 4, 2009

बिहार की दिशा और दसा परिवर्तन - भारत का नेतृतव कर्ता ?

( एक पत्रकार मित्र ने यह लेख भेजा है .किसी कारण वश गुमनाम रहना चाहते है। पटना का गाँधी मैदान बिहार और पटना के जनजीवन का आइना है और यह मैदान सब के लिए खुला है। राजनैतिक रैलियाँ , सरकारी और सतरंगी विपक्ष से लेकर मेलों, धार्मिक प्रवचनों , योग गुरुओं और तरह तरह की सेहत और यौन वर्धक दवा बेचनेवालों , आल्हा -उदल के गीत गाने वालों से लेकर निठल्लों तक सब को गाँधी मैदान सुविधा ,आश्रय और श्रोता मुहैया करता है.उसी भवन के तहत यह लेख पोस्ट किया जा रहा है.आप की टिप्पणियों का स्वागत है।)

बिहार की बदहाली की शुरुआत और राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी पहचान सातवें दशक से बनने लगी थी। यूं तो १९६६-६७ में केंद्रीय बिहार में बाढ़ और सुखाड़ से बनी दुर्भिक्ष की स्थिति ने भी देश का ध्यान बिहार की ओर खिंचा था .उस दौर में पुरे देश की स्थिति और बिहार की स्थिति में ज्यादा फासला नहीं था। असली गिरावट की शुरुआत और सपनों का अंत ७४-७५ तक आते आते दिखना शुरू हो गया था । भोजपुर का किसान आन्दोलन और लोक नायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में १९७४ का बिहार आन्दोलन , बिहारी समाज के बदलाव की चाहत का प्रकटीकरण था । १९७७ में सत्ता परिवर्तन और तीन साला प्रयोग कोई स्थाई परिवर्तन नहीं ला पाया। हाँ एक उम्मीद जरूर जगा गया । वर्ग , जाती और सामुदायिक स्तर पर ।
१९८० के राजनैतिक शक्ति उन्हीं लोगों के हाथ वापस आ गयी जिनके विरूद्ध ७० के दसक की राजनैंतिक लड़ाई। राजनीति की विडम्बना यह की ७० के दशक के प्रमुख राजनैतिक खलनायक अभी हाल तक बिहार के सत्ता पक्ष से जुड़े थे।१९८० के बाद ही बिहार मरणासन्न स्थिति में आ गया था । १९८० से ९० तक उन्हीं सामजिक और राजनैतिक शक्तियों का वर्चस्व बिहार में बना रहा। जातिवाद और सरकारी खजाने को लूटने का खुला खेल चलता रहा । संसदीय राजनीति चंद जातियों के अलग अलग खेमों की चेरी बन कर रह गई। बिहार के सारे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक चंद जातियों के । पटना के ललित नारायण मिश्रा संस्थान के सारे पद एक ही जाति के लिए । निर्लज्जता और मनमानी के सैंकडों उदहारण गिनाये जा सकते हैं।
बदहाली से उबी जनता ९०-९१ में एक नए राजनैतिक नेतृत्व को हुकूमत की बागडोर सौंपती है। लेकिन अगले पन्द्रह साल में जनता फिर ठगी जाती है। वो तमाम चीजें जो पहले हो रही थी वो और बड़े पैमाने पर और कुरूपता , निर्लज्जता के साथ जारी रहती है। बदहाल बिहारी जनता , खास कर युवा पीढी , रोजी रोटी और शिक्षा की खोज में पुरे भारत वर्ष में फ़ैल जाते हैं। अपनी मेहनत और प्रतिभा के बदौलत नयी जगह में अपनी ठौर ढूंढते हैं.राष्ट्रीय विमर्श में और मीडिया में बिहार की छवि नकारात्मक और उपहास की हो जाति है।फलस्वरूप बिहारी हर जगह पूर्वाग्रह और उपहास का शिकार बनते हैं। यही नहीं पागलों के जिस गिरोह का मन किया , बिहारियों का कत्लेआम कर देश को अपना घिनोंना संदेश देता रहा.
१९७० से लेकर २००० तक देश के बहुत सारे राज्य तेजी से तरक्की करतें हैं। बिहार , गरीबी और भ्रष्ट्राचार का रूपक बन जाता है।
बिहार के विकास का प्रश्न विद्वत जनों के लिए यक्ष प्रश्न बन कर खडा हो जाता है।
लेकिन पिछले तीन सालों से बिहार से बुरी खबरें कम में आ रहीं हैं। जानकार लोग कहते हैं की बिहार में न्याय के साथ विकास की इमानदार पहल राज्य के मुख्यमंत्री कर रहें हैं। हलाँकि सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार हाल में चर्चा के दायरे में है।
अगर बिहार का वर्त्तमान राजनैतिक नेत्रित्व राज्य का अगले सात आठ साल में काया पलट कर देता है तो , राजनीति गठबंधन और मोर्चे की सरकारों के इस दौर में क्या भारत का नेतृत्व करने का हकदार ,राजनैतिक और नैतिक रूप से बन जायेगा ?
सोचने में क्या बुराई है ?

Tuesday, February 3, 2009

क्यो भयभीत है हम ? भाग -1

( भय देश और काल सापेक्ष है। अगर व्यक्ति के स्तर पर कहा जाय तो जीवन यात्रा के अलग अलग पडावों पर भय की तीव्रता और कारण अलग अलग होते हैं । कुछ बातें तो मानव मात्र पर लागू होती है पर कुछ बातें व्यक्ति विशेष की खास पहचान या कमजोरी बन जाती है।" भय और कल्पना का अभाव " विषय पर एक निजी पत्र व्यहार में प्रिय मित्र वीरू ने अपने उदगार इस वायदे के साथ व्यक्त किये हैं की विचार की यह सरणी वे जारी रखेंगें। प्रस्तुत हैं उनके विचार )

शास्त्रों में बयान किया गया है की भय से मुक्ति की साधना ही मनुष्य को मोक्ष का अधिकारी बनाती है. हम सभी किसीं न किसी भय से ग्रस्त रहते हैं. हममें से प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने तरीके से इस भय के बारे में जानने और उसे दूर करने की कोशिश में लगा रहता है. कभी हम अपने संकोच को, कभी अपने परवरिश को तो कभी असफलता से पैदा हुए आत्मविश्वास की कमी को इसके लिए जिम्मेदार मानते हैं. लेकिन, अक्सर हम किसी एक कारण पर टिक नहीं पाते. हम जिसे असफलता कहते हैं, वह वास्तव में हमारी ख़ुद की गढ़ी हुयी परिभाषा की परछाईं होती है. सफलता के मानदंड ही तय करते हैं कि हमारे लिए असफलता क्या होगी. दूर क्यों जायें, अपने ही समाज से एक उदहारण ले लेते हैं. एक ब्रह्मण के लिए अशिक्षित रह जाना असफलता है, जबकि एक दलित के लिए स्वाभाविक. एक ही चीज किसी के लिए अनुकरणीय मान लिया जाता है तो किसी के लिए वर्जनीय. दुनिया के दूसरे समाजों में भी ऐसी कमोबेश ऐसी ही स्थिति है. जिस तरह दुनिया कि हर चीज का एक इतिहास होता है, उसी तरह हमारे मनोभावों का भी एक इतिहास होता है. दासयुग अथवा सामंतीयुग में सफलता और असफलता के जो मानदंड थे, वे लोकतंत्र में नहीं होंगे. समाज में जब धर्मं की सत्ता होती है तो मुक्ति मोक्ष के अलावा कुछ और नहीं होती. धर्मराज्य में जिसे मोक्ष कहा गया है, वही पूंजीवाद में आज़ादी और समाजवाद में मुक्ति के नाम से जाना जाता है.

भय के अलग-अलग रूप जीवन की अलग-अलग अवस्थावों में अलग-अलग तरीके से हमारे सामने प्रकट होते हैं. बचपन में हम जिन चीजों से डरते हैं, वे जवानी के दिनों में बचकाना लगने लगते है. जैसे जैसे हम जवान होते जाते हैं, वैसे वैसे हमारी दुश्चिंताओं में बेरोजगारी, पद और प्रतिष्ठा की हानि, अपने और परिवार की सुरक्षा की चिंता, स्वस्थ्य और प्रगति की कामना, सामनेवाले की प्रगति से कोफ्त वगैरह वगैरह चीजें जुड़ती जाती हैं.

लेकिन क्या कोई व्यक्ति इनसे परे जा सकता है? आमतौर पर सच यही होगा कि मोह और माया से बिंधी दुनिया में मनुष्य के लिए इससे परे जाना सम्भव नहीं है? मैं नहीं मानता कि भय, संकोच और आत्मविश्वास की कमी के बारे में जिज्ञाषा सिर्फ़ आध्यात्मिक उत्तर की मांग करती है. मेरा दृढ़ विस्वास है कि भय, संकोच, चिंता की जड़ें समाज की संरचना में छुपी होती है. अलग-अलग पांतों में सजे समाज में प्रत्येक व्यक्ति के लिए पद, प्रतिष्ठा और सफलता के मायने एक जैसे नहीं होते और न ही मने जाते हैं. सबके लिए अलग-अलग आचार-संहिता होती है. किसी के लिए औरों की सेवा करना ही धर्म है तो किसी के लिए शाषण करना. दरअसल समाज खंडित मनुष्यों का जमावडा होता है, पूर्ण मनुष्य समाज के सांचे में ढल ही नहीं सकता. यह अकारण नहीं है कि सिद्धि कि चाहत में भटकनेवाले लोग समाज का ही त्याग कर देते हैं. समाज की बनावट में, उसके रीती-रिवाजों में और उसके व्यक्त-अव्यक्त सरोकारों में सदैव संगति नहीं होती. ज़्यादा सच तो यह है कि असंगति ही उसकी नियति है. मज़े की बात तो यह है कि कोई भी समाज इस विसंगति को औपचारिक तौर पर कभी स्वीकार नहीं करता. और इसीलिए हर व्यक्ति अपने-अपने तरीके से इस विसंगति को समझने की और उसी में येन-केन-प्रकारेण संगति ढूढने की कोशिश करते रहता है. और जब हम संगति नहीं ढूंढ पाते तो ज़िन्दगी को एक पहेली मानकर संतुष्ट हो लेते हैं. क्या यह अजीब नहीं है कि हम जैसे जैसे बड़े होते जाते हैं, हमारी जिंदगी ऐसी visangatiyon में और ज़्यादा ulajhati जाती है. हमारा मन स्वीकार नहीं कर पाता कि जो हमसे पद, प्रतिष्ठा और ताकत में आगे है, वे हमसे किसी भी मायने में बेहतर हैं. हमें लगता है कि हमारे साथ अन्याय हो रहा है. हमारी चिंता के मूल में इसी अन्याय का प्रतिकार न कर पाने की मजबूरी होती है. जी, बिल्कुल सही फ़रमाया आपने कि मैं भी इसी मजबूरी का shikar हूँ.

पुर्ण मनुष्य कुछ होने से पहले भी मनुष्य ही रहता है और कुछ बन जाने के बाद भी मनुष्य ही रहता है. किसी इतर सन्दर्भ में कहे गए ग़ालिब का एक शेर यहाँ बरबस याद आ रहा है:'कुछ न था तो खुदा था, कुछ न होता तो खुदा होता, मुझको डुबोया होने ने, मैं न होता तो क्या होता.' आत्मनकार की इस बानगी में चाहे तो कोई पराजित मन की पीड़ा के दर्शन कर सकता है. लेकिन ख़ुद को इस तरह भूला पाने की निर्ममता बिरले लोगों में ही होती है. यही बात हिंदू भक्तों की विनयप्रवन समर्पण की चाहत में भी दिखायी पड़ती है. अपने प्रति निर्मम होना कोई आसान काम नहीं है. अपने प्रति निर्मम होने का मतलब अपने विचारों के प्रति, अपने ख्यालों के प्रति, अपने विश्वासों के प्रति, अपनी रुचियों के प्रति, अपनी अरुचियों के प्रति और सबसे बढ़कर अपने सरोकारों के प्रति भी निर्मम होना होता है. यह निर्ममता मनुष्य को अलग-अलग परिस्थितियों में भी समरस बनाये रखने में सहायक होता है. मार्क्सवादी के लिए भी सत्य सिर्फ़ वही नहीं होता जो दीखता है, अपिटी वह भी सत्य होता है जो अभी अस्तित्व में नहीं है. मार्क्स का द्वंद्ववाद यही तो है.

विचार-सरणी अभी जारी है। इंतज़ार ही मुकाम तक ले जाएगा। अभी इतना ही.
वीरेंदर