Thursday, February 19, 2009

माटी का मोह - कथा कई समंदर पार से

( कैसा होता है माटी का मोह ? राजीव जी अपनी आपबीती बता रहें हैं इस पोस्ट में । इन्हें देश दुनिया का व्यापक अनुभव है .दुनिया के सारे समंदर पर कर चुके हैं और कथायों का भंडार है इनके पास । प्रस्तुत है पहली कड़ी )
प्रवासी भारतीय और भारतीय संस्कृति के लिए उनकी भावनाएं - एक व्यक्तिगत अनुभव (भाग १) -
कुछ रोज पूर्व एक मित्र से प्रवासी भारतीयों की भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था पर बात हो रही थी. चर्चा छिडी के रिश्तेदार जब विदेश से आते हैं तो यहाँ के परिवर्तन से अनभिज्ञ होते हैं और अभी भी पुरानी व्यवस्था की उम्मीद करते हैं. उनके लिए समय ठहर सा गया होता है.
कुछ वर्ष पूर्व बैंकॉक में अपनी संस्था के लिए कार्य करते समय फीजी जाने का मौका मिला। वहां हमारे सम्पर्क अधिकारी भारतीय मूल के थे सतीश कुमारजी.
बड़े ही नेक व्यक्ति - भावुक, शिष्टः, और अतिथिप्र्यिय।
उन्होने दूसरे दिन ही अपने घर खाने पर बुलाया। मैं और मेरी Director जो ऑस्ट्रेलिया से थीं, शाम को उनके घर पहुंचे. स्वागत का अच्छा खासा इंतज़ाम था. दोस्तों, और रिश्तेदारों को भी बुला रखा था. सभी बड़े ही गर्मजोशी से मिले. उनके दादा, दादी भी मौजूद थे जो अपने बचपन में ,1930 के दशक में ,बक्सर के गाँव से अपने रिश्तेदारों के साथ गए फीजी आए थे . आपस में वे सब भोजपुरी और अंग्रेज़ी का मिला जुला रूप बोल रहे थे.
मिलते मिलाते मैं दादा दादीजी के पास पहुँचा और प्रणाम किया। दोनो ने आशीर्वाद दिया और अपने पास बैठा लिया.
मैंने खालिस भोजपुरी में पूछा,"आजी कईसन बानी" ?
भोजपुरी सुनते ही दादीजी ने मेरा हाथ पकड़ा और रोने लगीं।
धाराप्रवाह आंसूं बहने लगी और बोली,"बबुआजी राउआ हमरा देश से आइल बानी। आपन माटी के याद हरियर भ गईल"
दादाजी की भी आँखें गीली हो गयीं और वहां उपस्थित कई औरों की भी।
बहुत देर तक वो मेरा हाथ थामें रोती रहीं।
मेरी भी आंखे नम हुई. मेरी Director हतप्रभ थीं की क्या हो रहा है।
इस तरह की भावनात्मक अभिव्यक्ति से शायद अनभिज्ञ थीं।
दादी जी को चुप कराया गया। पर शाम भर उन्होंने मुझे अपने पास से हिलने नहीं दिया।
गाँव की कहानियाँ कहती रहीं। अपने घर, खेत, खलिहान, गाय, दोस्त, सखी, रिश्तेदारों की बातें बताती रहीं. जैसे अपनी यादें ताजी कर रही हों. उनलोगों का गाँव से सभी संपर्क टूट चुका था. कोई रिश्तेदार नातेदार नहीं रह गया था. पर यादें थी. ढेरों. और शायद इतने दिनों बाद उन्हें कोई मिला था जो उनकी यादों को उनकी तरह समझ रहा था.
उनके बच्चों ने भारत नहीं देखा था।
दादी और दादाजी की भावनाओं के प्रवाह में अन्य भी सराबोर थे। शाम इसी उत्साह में बीती।
शेष पुनः
राजीव

Tuesday, February 17, 2009

वैलेंटाइन डे के बहाने - चाल और चेहरा

(मित्र वीरू का वैलेंटाइन डे पर केंद्रित पोस्ट की दूसरी किस्त प्रस्तुत है। वीरेंदर का कहना है की इस विषय पर इससे ज्यादा शिष्ट वो नहीं हो सकते हैं .पढ़ें और अपने उदगार से अनुग्रहीत करें .)



वैलेंटाइन डे के बहाने: भाग II
अपने लेख के पहले अंश में वैलेंटाइन डे की मैंने जो दो छवियाँ दिखाई थी, उसमें एक त्राषद तो दूसरी प्रहसनमूलक मानी जा सकती है. पहली छवि त्राषद इसलिए क्योंकि उसमें रामजी की आड़ में वह सब कुछ किया जा रहा है जो भगवान श्रीराम की छवि से कोसों दूर है. जिस राम का नाम सुनते ही हमारे मन में निराशा के बीच आशा, दैन्य के बीच पुरुषार्थ तथा हैवानियत के बीच इंसानियत की भावनाओं का स्वतः संचार हुआ करता था, आज वही राम निरीह बना शैतानी तांडव देखने के लिए मजबूर है. मुझे अक्सर ऐसा लगता है कि जिस तरह सीता मैया को रावन ने धोखे से अपहरण कर लिया था वैसे ही मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को भी अ-रामों ने अगवा कर लिया है. राम की यह छवि कितनी दयनीय है! राम के बगूला भगत उन्हें लेकर गली गली में घूम रहे है और सबको बता रहे हैं कि देखो भगवान राम का कितना अपमान हुआ है. जिस राम के सामने त्रिलोक कांपता था, आख़िर उस राम के साथ बेअदबी से पेश आने की किसने हिमाकत कर डाली? जिस राम ने भक्तशिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास से भी अपने अपमान की बात नहीं कबूली, अब क्या हुआ कि वे रो-रोकर कभी किसी तोगडिया को, कभी किसी सिंघल को तो कभ किसी अडवानी को बिन पूछे बताये जा रहे हैं कि हे, मेरे सच्चे भक्त! तुम्हीं मेरा उद्धार कर सकते हो. अगर तुम्हारी थोडी-सी भी आस्था मुझमें है तो कसम खाओ कि तुम बाबरी मस्जिद को धूल-धूसरित कर दोगे; कि उसी जगह पर मेरा एक भव्य मन्दिर बनोगे. मैं वचन देता हूँ कि जिस दिन तुम ऐसा कर लोगे, उस दिन मैं तुम्हें और तुम्हारी पार्टी को केन्द्र कि सत्ता पर बैठा दूँगा. चाहो तो तुमलोग एक काम करके भी मेरा पूरा स्नेह और समर्थन हासिल कर सकते हो. क्या यह वाकई दुखद नहीं है?
गली-मोहल्ले के लुच्चे, लम्पट, लफंगे और दादालोग जिस तरह भारतीयता, राष्ट्र धर्मं और जातीय गौरव के नाम पर हर साल चौदह फरवरी को मानवीय प्यार का ज़नाज़ा निकालते हैं, उसे देखकर इतना तो कहा ही जा सकता है कि ये राम का मर्म जानते हैं और न ही उनका कर्म. अगर ये बौड़म राम के काल में पैदा हुए होते तो मुझे यकीन है कि ये राम और सीता को पुष्प-वाटिका में प्रवेश नहीं करने देते. इनकी नज़र में लक्ष्मणजी भी घोर पातकी कर्म कर रहे थे. बड़े भाई के प्रणय-निवेदन का चश्मदीद गवाह वे अकेले ही तो थे. नल-दमयंती, भरत-शकुंतला, अहिल्या-गौतम जैसे न जाने कितने पवित्र मनीषियों ने प्यार का पैगाम दिया है, आज यह बताने कि जरूरत नहीं है. हम जिस प्रेम को जानते हैं उसकी अभिव्यक्ति और उसका एहसास सिर्फ़ दो व्यक्तियों के लिए मायने रखता है. प्यार में तीसरे पक्ष की उपस्थिति ही गैरवाजिब है और इसीलिए उसकी छवि सदैव एक खलनायक की मानी गयी है. प्रेम सर्वथा सृजनकारी होता है. वह नूतन और अनदेखे सत्य का अन्वेषक होता है. वह नैतिकता, संस्कार और पवित्राचार की परम्परास्यूत परिभाषा को नवरूप देता है. प्रेम ऊर्जा का अक्षय भंडार होता है. वह न तो पुरातन है और न ही नवीन. वह चिरनवीन होता है. उसकी गरिमा इस बात पर निर्भर नहीं करती कि हम उसका इज़हार इस-उस या किस प्राकार करते हैं. लेकिन जो चीज इतनी सृजनकारी होगी वह अपने को स्थापित करने हेतु मौजूदा चीजों के क्रम में उतने ही फेर-बदल भी करेगी. इसके लिए हमें प्रेम के समाजशास्त्र से रु-ब-रू होना पड़ेगा.
स्थापित समाजों का इतिहास इस बात का गवाह है कि उनकी बुनियाद में प्रेम का कोई मसाला नहीं मिलाया गया है. भारतीय समाज तो व्यक्तिक प्रेम को सदैव एक विकार मानता आया है. स्त्री रूप में माया कि जैसी छवि हमारे धर्मं-ग्रंथों में उकेरी गयी है, वह कमोबेश आज भी हमारे मानस में रची-बसी है. पवित्रता-अपवित्रता के खानों में सजाया गया हमारा समाज सदैव एक जटिल संकुचन की पीड़ा से ग्रस्त रहा है. हम जो भी करें, हमें जाति, धर्मं, नाते-रिश्तेदारी, कुल-खानदान और हैसियत का ख्याल रखना पड़ता है. जो लोग वैलेंटाइन डे के बहाने प्रेम का प्रतिकार या तिरस्कार कर रहे हैं, वे बखूबी जानते हैं कि अगर हमारे समाज में व्यक्तिक प्यार को मान्यता मिल गयी तो न तो उनकी जाति बचेगी, न उनका धर्मं बचेगा और न ही बचेगा उनका कुल-खानदान. यह प्यार सबको भस्म कर देगा. और इसीलिए यह क्षयकारी रोग है, समूल विनाश ही उपचार है.

जय हो! जय हो!!

Sunday, February 15, 2009

वैलेंटाइन डे के बहाने

( मित्र वीरू का वैलेंटाइन डे पर पोस्ट अभी अभी मिला है । उसे पेश कर रहा हूँ .आपके उदगार का इंतज़ार रहेगा )


वैलेंटाइन डे के बहाने
मैं तकरीबन पचास साल का हूँ. फिर भी मुझे बेसब्री से वैलेंटाइन डे का इंतजार रहता है. इस साल भी था. इंतजार की वज़हें तो कई हैं, लेकिन इतना ज़रूर है कि उसमें सबसे दिलचस्प वज़ह शिव सैनिकों, राम सेनानियों तथा बजरंगदालियों जैसे संगठनों के सक्रिय कार्यकर्ताओं की कारगुजारियां होती हैं. वर्षा की प्रत्याशा में जिस तरह चीटियाँ रसातल की ठंढक छोड़ धरती की सतह पर आ जाती हैं, उसी तरह ये स्व-घोषित रणबांकुरे वैलेंटाइन डे पर अपने जीवन के नाना प्रपंचों से रुख्सती लेकर राष्ट्र-धर्मं और भारतीयता के अखाडे में आ धमकाते हैं. इनका तमाशा देखने लायक, समझने-बुझने लायक तथा सबसे बढ़कर गुनने लायक है.

किसी को ठीक से याद रहे या न रहे, इन्हें बखूबी पता होता है कि वैलेंटाइन डे यानी चौदह फरवरी को कौन सा दिन है. अगर यह दिन मंगलवार हुआ तो इनका जोश दुगुना हो जाता है. कोई पूछे न पूछे, ये तरह तरह के उपक्रम करके दुनिया को बताते रहेंगे कि वे प्रेम के कतई खिलाफ नहीं हैं, उनका विरोध तो इसके प्रदर्शन के तरीकों को लेकर है. ये मानते हैं कि प्यार निजता की चीज है, और इसीलिए इसका सार्वजनिक प्रदर्शन राष्ट्र हित में नहीं होगा. प्यार की सार्वजनिक अभिव्यक्ति से समाज में व्यभिचार बढेगा और राष्ट्र का आत्म-बल कमजोर होगा, वह वीर्यमान नहीं रह सकेगा. ऐसा घालमेल आपने कहीं और देखा है? वे हमें बता रहे हैं कि प्यार चरित्र और राष्ट्र के क्षरण का उत्स है. दुनिया के और किसी भी मुल्क़ के किसी भी चिन्तक ने कभी नहीं कहा कि प्यार एक क्षयकारी रोग है; कि इससे चरित्र और राष्ट्र का सत्यानाश होता है. अखबार में इश्तेहार देकर जनता-जनार्दन को सूचित किया जाता है कि ये सद्यःजात सैनिक किसी भी कीमत पर हनुमान जी का अपमान नहीं होने देंगे. वे अपनी जान देकर भी मंगलवार को ब्रह्मचर्य का पालन करेंगे और दूसरों से करवाएंगे भी. इन डंड-पिस्तौलधारी किंतु सर्वथा अप्रशिक्षित सैनिकों की उन्मादी उत्सवधर्मिता जितनी लुभावनी होती है, उससे कहीं ज़्यादा डरावनी होती है. फूहड़ अनाडीपन के साथ जिस तरह ये भाला-तलवार-लाठी भांजते हैं उसे देखकर आम जनता भले डर जाती हो, कोई प्रशिक्षित सैनिक या सिपाही उसे एक तमाशा या ज़्यादा से ज़्यादा बन्दर-घुड़की ही मानेगा. चिंता की बात इतनी भर है कि हमारे असली सैनिक और सिपाही भी सिर्फ़ तमाशबीन बनकर रह गए हैं. वे भूल गए हैं कि तमाशा करते करते तमाशावाले ही अपना तमाशा बंद कर कोई और तमाशा करने लगे हैं.

राम-मनुमान जी के इन रखवारों से अलग एक दूसरी पांत उन लोगों की है जो न तमाशा करना जानते हैं और न ही उसे उजाड़ना. ये ख़ुद ही तमाशा बनकर यात्रा-तत्र-सर्वत्र विराजमान रहते हैं. ये लोग इतने दीवाने होते हैं कि इन्हें अमूमन अपनी सुरक्षा की भी चिंता नहीं होती. न ये किसी से कुछ कहते हैं, न किसी को कुछ बताते हैं और निकल पड़ते हैं प्रेम की डगर पर, यह जाने बगैर कि 'बहुत कठिन है डगर पनघट की'. ये प्रेमानुरागी नहीं जानते कि वे किस सदी में और किस समाज में जी रहे हैं. जहाँ सुरक्षा की गोहर लगाने पर भी सुरक्षाकर्मी वारदात के बाद पहुंचते हों, वहां इन्हें यकीन होता है कि सिर्फ़ प्रेम की बांसुरी बजाकर ये प्रेम-शत्रुओं का विनाश कर लेंगे. नतीजतन, ये न तो अपने माता-पिता को, न अपने परिवार को और न ही पुलिस को इत्तला करना जरूरी समझते हैं. और फिर, वही होता है जो मंजूर खुदा होता है. किसी के बाल काटे जाते हैं, किसी को गाली-थप्पड़मिलाती है तो किसी को सरेआम नंगा कर खिल्ली उडाई जाती है.

(क्रमशः जारी)वीरेन्द्र

Saturday, February 14, 2009

सवाल जमात में शामिल होने का है ?

क्या आप अभिव्यक्ति की स्वंत्रता , नारी स्वन्त्रत्य ,भारतीय समाज में बन्धुत्व की भावना को विकसित करने वालों ,लोकतांत्रिक मूल्यों - या यूँ कहें की भारतीय समाज ,राजनीति और संस्कारों के व्यापक और मुकम्मल लोकतांत्रिक करण में विश्वास रखते हैं ?
या फिर धर्म , संस्कृति , सभ्यता , आतंकवाद जैसी किसी चीज की दुहाई देकर इन भावनायों के विरूद्ध जाने वाली दूसरी जमात में खड़े होते हैं ?
फर्ज किया जाय की आप हिंदू है और अपनी हिंदू पहचान पर jaayaj और स्वाभाविक गर्व करते हैं। इस महान धर्म की उद्दात मूल्यों - जैसे - घाट- घाट में राम ,जड़ - चेतन सब उसी राम की परम अभिव्यक्ति , तो फिर क्या अपना और क्या पराया , क्या धर्मी और क्या विधर्मी , क्या हिंदू और क्या मुसलमान ?
और इस महान paramparaa के
अयं निज करोवेती , गणना लघुचेतसाम
उदार चरितानाम वसुधैव कुटुम्बकम
इसमे निहित महान आदर्श को आत्मसात कर लिया है तो sankirntaayon के दायरे क्या साए में भी न आयेंगें
और अपनी paramparaa ही इतनी सम्रिद्छ है की दूर या सात समंदर पार देखने की जरूरत नहीं रहेगी .
तो दोस्तों असली बात यह है की आप किस जमात में आना और रहना चाहते हैं ?
क्या भारतीय मनीषा और संस्कृत वांगमय में निहित सार्वभौमिक और शाश्वत मानव मूल्यों में विश्वास रखते हुए प्रगति गामी धारा का वाहक बनते हैं या फिर
भारत और भारतीय मूल्यों का तालिबानी करण, पक्ष अथवा परोक्ष रूप में करते हैं।
सवाल असली जमात का है ?

Thursday, February 12, 2009

बिहार - सदी 13 से 1857 तक : क्या कहने योग्य कुछ भी नहीं है ?

कल एक मित्र से चर्चा हो रही थी । इतिहास के विद्यार्थी रहें हैं । लोक मंगल की भावना रखते हैं । अपनी आप बीती इमानदारी से बतातें हैं । डिंग हांकू वर्तमान दौर में ऐसे लोग जीवन के शाश्वत मूल्यों में आप की आस्था को मजबूत करते हैं।
बात चीत बा-रास्ता पटना विश्वविद्यालय ,बोरिंग रोड चौराहा , वीणा सिनेमा हॉल में बौबी फ़िल्म , ब्लैक से टिकट खरीदना ,और टिकेट ब्लैक करने वालों से मारपीट , से होते बिहार के इतिहास ,इतिहास लेखन और शोध तक पंहुच गया ।
एक प्रसंग आया की गुप्त काल ,फा हेयान और हुवेन सांग तक तो बिहार का प्रसंग इतिहास के औपचारिक लेखन में आता है , पर फिर शेरशाह के दिल्ली फतह के बाद औपचारिक इतिहास , बिहार और बिहारियों की दशा पर आम तौर पर मौन है।
हाँ, १७६४ का बक्सर युध्ध , ग़दर के सन्दर्भ में वीर कुंवर सिंह की बहादुरी और दानापुर की बगाबत आदि की चर्चा है।
लेकिन सोचने की बात यह है की क्या करीब ८००- १००० साल के इस लंबे दौर में लिखे और पढ़े जाने लायक कोई बात बिहार के भूगोल में नहीं घटित हुई ?
बख्तियार खिलजी द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय की लूट , उदन्तपुरी का बिहार शरीफ में बदलना , सूफी संतों का बिहार आना ( मनेर शरीफ ) , बिहार का भूगोल भारत में इस्लाम का आरंभिक ठिकानों में एक होना, बाद में अफगानों और मुग़लों की लड़ाईयां , अकबर के सेनापति मान सिंह के नेतृत्व में बिहार बंगाल अभियान .धीरे धीरे सूफी संतों ,इस्लाम का बढ़ता प्रभाव , चैतन्य महा प्रभु और कबीर की सीख को अपनाता बिहारी कृषक समाज , मध्य युग के भीषण दुर्भिक्ष ( १६७० का दुर्भिक्ष जिसका फैलाव बनारस से राजमहल तक था ) - इन चुनिन्दा घटनायों का कुछ असर तो बिहारी समाज पर पड़ा होगा ?
क्या हजार साल के इस दौर में यहाँ के समाज ,राजनीति ,संस्कृति ,कृषि , तकनीक आदि में कुछ तो बदलाव आया होगा ?
इतिहास की एक परिभाषा के अनुसार इतिहास वर्तमान और भूत का निरंतर चलने वाला संवाद है । वर्तमान भूत से और उसके बारे में सवाल करता है । यही सवाल जवाब इतिहास है। कहने की जरूरत नहीं की यह प्रश्नोत्तरी कभी ख़त्म नहीं हो सकती है ।
कोई समाज इतिहास vihain नहीं होता ।
हाँ अगर समाज में ख़ुद पर bharosa है की अपने ithaas को अपनी najron से देखे तो इतिहास shunaytaa का prashna hin नहीं uthataa है।
इस दौर पर शोध करने waale २५-५० etihaaskaar अगर हो jaayen तो क्या औपचारिक इतिहास लेखन और विमर्श में यह najarandaaji बनी रह paayegi ?

Wednesday, February 11, 2009

बिहार - कितने गाँव , कितने बच्चे और कितने हाई स्कूल ?

स्वप्न सा है वह सब कुछ जो बिहार के भूगोल में आज हो रहा है ।
पर यह समझने के लिए बिहार के वर्तमान सन्दर्भ को देखना पडेगा ।
क्या है बड़ी तस्वीर ?
वर्त्तमान जनसंख्या तक़रीबन साढे नौ से दस करोड़ , 75 से 80 फीसदी ग्रामीण आबादी।
डिविजन 9,
जिले 38,
सब डिविजन १०१ ,
सामुदायिक विकास प्रखंड 534 ।
पंचायत ८४७१
राजस्व ग्राम 45103 ( जिसमे कुछ बे- चिरागी होंगें )
शहरी क्षेत्र ९
शहर 130
हर राजस्व ग्राम के दायरे में कई सामान्य ग्राम और टोले अर्थात ग्रामीण बसाहट या सामान्य गाँव की कुल संख्या लगभग साठ हजार ।
और मोटे तौर पर 1682 सरकारी और कहें तो 2000 गैर सरकारी हाई स्कूल ।
कुल योग 3682
बिहार की समस्त ग्रामीण आबादी के लिए कितने हाई स्कूल हुए ?
बिहार की कुल जनसँख्या का २०% ( 1।6 करोड़ ) हिस्सा छः साल से नीचे है ।
ये बच्चे कल को किशोर होंगें ।
बिहार के भूगोल में रहने वाले यही किशोर इस बदहाल राज्य के कल के भाग्य विधाता बनेंगें ।
और इनको पूरे देश के शहरों में मजदूरी कर जीवन यापन और जहालत की जिंदगी नहीं व्यतीत करना है तो आप ख़ुद अंदाज लगाएं की कितने और हाई स्कूल खोलने की जरूरत पड़ेगी ?
खैर बिहार में फिलहाल जो कुछ भी हो रहा है वह किसी स्वप्न से कम नहीं है।
खुदा करे यह स्वप्निल दौर चलता रहे ।

Tuesday, February 10, 2009

बिहार में हाई स्कूल कितने हैं ?

बिहार मंत्रिमंडल की बेगुसराय जिले के एक गाँव में बैठक हुई . गाँव में बैठक के लिहाजन इसे ऐतिहासिक कहा जा रहा है. मंत्रिमंडल ने शिक्षा के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. पहला की हर सरकारी हाई स्कूल में अब इंटर स्तर तक की पढ़ाई होगी .इसके लिए सारी सुविधाएँ मुहैया की जायेंगी. दूसरा निर्णय अनुमंडल स्तर पर ३९ नए सरकारी ( जिसे हम अंगीभूत की संज्ञा देते हैं )कॉलेज खोले जायेंगें .इन निर्णयों के लिए बिहार की वर्त्तमान हुकूमत बधाई की पात्र है.लेकिन नए निर्णय के पीछे कुछ आंकडे चौंकाने वाले है.बिहार की वर्तमान जनसंख्या ९-१० करोड़ के बीच है. जानकार कहते हैं की इस आबादी का तक़रीबन पंद्रह से बीस फीसदी हिस्सा प्रवासी हो गया है. मतलब सात से आठ करोड़ बिहार राज्य के भूगोल में रहते है.हाई स्कूल में पढने लायक छात्र / छात्राएं कम से कम पचीस से पचास लाख के लगभग .पर सरकारी हाई स्कूलों की संख्या मात्र १६६२ .फर्ज किया जाय की इतने ही निजी स्कूल भी होंगें . तो ये रही बिहार में आधुनिक शिक्षा की बुनियाद की तैयारी और इन्तेजामात .क्या आपको अब भी आश्चर्य हो रहा है की बिहार इतना पिछडा क्यों है कॉलेज शिक्षा और कॉलेजों की बात की जाय तो लगता है की किसी साजिश के तहत अब तक ज्ञान पर पारंपरिक सामंती एकाधिकार और शैक्षणिक पिछडेपन के पीछे निहित स्वार्थ की व्यवस्था को जारी रखा गया है. ३९ अनुमंडलों में कोई कॉलेज नहीं.शिक्षा को बरबाद करने की साजिश और उसको अमली जामा आठवें दशक में पहनाया गया .लेकिन इन उत्क्रमित हाई स्कूलों में क्या पढ़ाई का जिम्मा शिक्षा मित्रों के भरोसे रहेगा ? वो शिक्षा मित्र जिन्हें ५००० मासिक दरमाहे पर रखा गया है.जिन पर पंचायत पर हावी सामंती और माफिया टाइप के लोगों का दबदबा बना रहता है.योग्य शिक्षकों की अगर नियुक्ति न की गई तो बिहारी समाज की दो पीढी का भविष्य अन्धकार मय बना रहेगा .एक कदम आगे और दो कदम पीछे वाली उक्ति चरितार्थ होगी.बिहार के विकास की चुनौती और उसके विविध आय्मों की चर्चा जारी रहेगी .